नीमच। जिले की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने गुरुवार को पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए दो अलग-अलग तबादला आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत दो निरीक्षकों और चार उप निरीक्षकों को आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से नवीन पदस्थापना दी गई है।
जारी किए गए पहले आदेश के अनुसार पुलिस लाइन नीमच में पदस्थ निरीक्षक मोतीराम चौधरी को रामपुरा थाने का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं मनासा थाना प्रभारी के रूप में सेवाएं दे रहे निरीक्षक हिमांशु चौहान को मनासा से हटाकर पुलिस लाइन नीमच में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही कंजार्डा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक श्यामलाल कुमावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ आगामी आदेश तक मनासा थाना प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी दूसरे आदेश के तहत तीन उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इसके अंतर्गत थाना नीमचसिटी में पदस्थ उप निरीक्षक असलम पठान को स्थानांतरित कर थाना नीमचकेंट भेजा गया है। वहीं पुलिस लाइन नीमच में पदस्थ उप निरीक्षक गजेंद्र सिंह चौहान को थाना नीमचसिटी में नई पदस्थापना दी गई है जबकि पुलिस लाइन नीमच से ही उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह राठौर को थाना मनासा में पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने रक्षित निरीक्षक पुलिस लाइन नीमच तथा संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे सभी स्थानांतरित अधिकारियों को उनके नवीन पदस्थापना स्थल के लिए तत्काल रवानगी दें और रवानगी व आमद की रिपोर्ट से पुलिस अधीक्षक कार्यालय को शीघ्र अवगत कराना सुनिश्चित करें।









