

रायसेन। शहर के भोपाल रोड स्थित कृषि उपज मंडी में गुरुवार मध्यरात्रि अज्ञात बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए सनसनी फैला दी। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मंडी में गल्ला व्यापारी मेसर्स बाबूलाल मनोज राठौर के कार्यालय में रात करीब 12 से 3 बजे के बीच अज्ञात नकाबपोश या शातिर गिरोह के सदस्य घुस आए और वहां सो रहे मुंशी पदम सिंह यादव पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। बदमाशों ने कर्मचारी को मरणासन्न स्थिति में पहुंचाने के बाद कार्यालय की अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे लगभग 20 लाख रुपए नकद समेटकर मौके से फरार हो गए।
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए लेखापाल पदम सिंह यादव खून से लथपथ हालत में पूरी रात कार्यालय के भीतर ही तड़पते रहे। वारदात का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ जब प्रतिष्ठान के संचालक मनोज राठौर रोजाना की तरह मंडी स्थित अपने कार्यालय पहुंचे और बंद दरवाजे के बाद खिड़की से अंदर झांककर देखा। भीतर कर्मचारी को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देख उनके होश उड़ गए जिसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और व्यापारियों की मदद से घायल मुंशी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया है।
मंडी परिसर के भीतर हुई इस दुस्साहसिक लूट और हमले की घटना से स्थानीय कारोबारियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। घटना के विरोध में अनाज एवं तिलहन व्यापारी संघ रायसेन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने लामबंद होकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। व्यापारी कैश राम साहू, अशोक कुमार सोनी कन्हैया सोनी और मिथलेश सोनी सहित अन्य कारोबारियों ने रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा को एक ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापारियों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए अल्टीमेटम दिया है कि यदि आगामी 24 घंटे के भीतर लूट की इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समस्त व्यापारी शुक्रवार 13 नवंबर को विरोध स्वरूप अनाज मंडी में सांकेतिक रूप से कारोबार बंद रखेंगे।
इधर वारदात की गंभीरता को देखते हुए एएसपी दीपक नायक, एसडीओपी आकांक्षा तलैया और कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित व्यापारी मनोज राठौर और मंडी के अन्य व्यापारियों से घटना के संबंध में विस्तृत चर्चा कर सुराग जुटाने का प्रयास किया हालांकि देर रात तक बदमाशों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। मीडिया से चर्चा करते हुए एएसपी दीपक नायक ने कहा कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी काफी शातिर किस्म के प्रतीत हो रहे हैं और प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि उन्होंने घटना से पूर्व कार्यालय और मंडी परिसर की बकायदा रेकी की थी। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस की टीमें हर पहलू से मामले की तफ्तीश में जुटी हैं और आरोपी चाहे जितने भी शातिर क्यों न हों उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।








